सिक्किम के किसानों का गया जी में प्रक्षेत्र भ्रमण, उन्नत कृषि तकनीकों से अवगत हुए
apnibaat.org
पटना : भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना ने पूर्वोत्तर क्षेत्र विशेष के लिए गयाजी में प्रक्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें संस्थान के वैज्ञानिकों के साथ सिक्किम प्रदेश के कुल 27 किसान शामिल हुए। उपर्युक्त कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकि, यथा धान परती भूमि का प्रबंधन, टपक सिंचाई पद्धति, दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती, मल्चिंग, समेकित प्राकृतिक खेती की जानकारी प्रदान करना रहा। भ्रमण के क्रम में प्रशिक्षण कार्यक्रम के पाठ्यक्रम निदेशक एवं फसल अनुसंधान प्रभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार ने प्रतिभागियों को प्रक्षेत्र पर संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। किसान आधुनिक खेती की तकनीकों को प्रत्यक्ष रुप से देखकर और अनुभव करके काफी संतुष्ट नजर आए। संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप दास ने अपने संदेश में बताया कि प्रक्षेत्र भ्रमण जैसे कार्यक्रम किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से प्रत्यक्ष रुप से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। इससे किसानों की समझ बढ़ती है और वे वैज्ञानिक तरीकों को अपने खेतों में अपनाने के लिए अभिप्रेरित होते है।
