राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का आयोजन
apnibaat.org
बेतिया: भारतीय हॉकी के जादूगर, मेजर ध्यानचंद जयंती पर प्रतिवर्ष की भांति राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय बेतिया स्थित महाराजा स्टेडियम में”राष्ट्रीय खेल दिवस 2025″ का आयोजन किया गया। जिसका श्रीगणेश उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने मेजर ध्यानचंद की छवि पर पुष्प अर्पित कर किया। प्रतिवर्ष अगस्त माह की 29 वीं तिथि को हॉकी के जादूगर के योगदान की स्मृति व भारत में खेल भावना और शारीरिक स्वास्थ्य के दृष्टिगतखेल दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम में डीडीसी के साथ अपर समाहर्ता अनील कुमार सिन्हा, उपसमाहर्ता नगमा तबस्सुम, एनईपी के निदेशक पुरुषोत्तम त्रिवेदी, जिला शिक्षा पदाधिकारी रवींद्र कुमार व डीपीओ शिक्षा विभाग गार्गी, अन्य पदाधिकारी, विभिन्न खेल संघ के प्रतिनिधि, शारीरिक शिक्षक/शिक्षिका, खिलाड़ी छात्र-छात्राओं व खेल प्रेमी शामिल हुए। राष्ट्रीय खेल दिवस पर किशोरी वर्ग में 800 मीटर और किशोर वर्ग में 5 किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया। किशोरी वर्ग में जूही कुमारी +2 हाई स्कूल वृंदावन प्रथम, सिमरन कुमारी केदार पांडेय हाई स्कूल द्वितीय, जागृति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग में दिनेश कुमार प्रथम, राजन कुमार द्वितीय, तबरेज आलम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया।
मुख्य अतिथि ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “खेल जीवन की अभिन्न गतिविधि हैं। यह न केवल शरीर को स्वस्थ, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास में वृद्धि करता हैं। इसलिए हमें जीवन की विभिन्न गतिविधि में खेल को शामिल करना चाहिए।” मुख्य अतिथि ने सभी उपस्थित लोगों को खुद को शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से मजबूत और भावनात्मक रूप से संतुलित रहने की शपथ दिलाया। कार्यक्रम का संचालन मेरी एडलिन शिक्षिका उच्च विद्यालय डुमरिया इस्टेट नरकटियागंज ने किया।
जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पण्डित ने बताया कि यह महोत्सव अगले 3 दिनों तक 29 से 31 अगस्त 2025 तक संचालित होगी। जिसमें प्रत्येक सरकारी और गैर सरकारी विद्यालय में खेल कार्यक्रम व शारीरिक फिटनेस अंतर्गत कबड्डी, वॉलीबॉल, योग, टग ऑफ वार (रस्सा कस्सी), स्पून रेस, पिट्टो, वास्केट वॉल, शतरंज का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को हीरो हॉकी पुरुष चैंपियनशिप 2025 मैच का लाइव प्रसारण के लिए फैन पार्क का भी निर्माण विपिन उच्च विद्यालय मे किया गया है। 30 अगस्त 2025 को अपराह्न 3:00 से टग आफ वर, 50 मीटर और 100 मीटर दौड़, स्पून रेस, कबड्डी का आयोजन ओपन कैटेगरी की महिला और पुरुषों के लिए महाराजा स्टेडियम बेतिया मे व सीनियर सिटीजन महिला पुरुष कैटेगरी में एक किमी वॉकथान, 300 मीटर तेज पैदल चाल, म्यूजिकल चेयर, योगा का आयोजन किया जाएगा। 31 अगस्त पूर्वाहन 6:30 बजे से संडे ऑन साइकिल रैली आयोजित की जाएगी जिसमें किशोर और किशोरी भाग लेंगे। साइकिल रैली का मार्ग विपिन स्कूल बेतिया से शुरू होकर, मुहर्रम चौक, जनता सिनेमा चौक, कविवर नेपाली पथ चौक, सत्यनारायण पेट्रोल पंप रोड (हीरो शोरूम रोड), आलोक भारती चौक होगा। जिसका समापन महाराजा स्टेडियम बेतिया में होगा।