Fri. Sep 12th, 2025
जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता के लिए महाराजा स्टेडियम तैयार,18 से 21 अगस्त 2025 तक खेल प्रतियोगिता आयोजित होगा
apnibaat.org
बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय बेतिया स्थित महाराजा स्टेडियम में 18 से 21 अगस्त 2025 तक जिला स्तरीय मशाल प्रतिभा खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शिक्षा विभाग, खेल विभाग,बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में उपर्युक्त प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। जिला स्तरीय मशाल प्रतिभा खेल प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार मशाल प्रज्वलित कर करेंगे। उद्घाटन समारोह में राज्य संपोषित कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय की एनसीसी कैडेट व आलोक भारती  शिक्षण संस्थान का बैंड दस्ता मार्च पास्ट एवं राज इंटर कॉलेज व राज्य संपोषित कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। मशाल खेल योजना बिहार में संचालित एक विशाल खेल प्रतिभा खोज अभियान है। जिसे विश्व की सबसे बड़ी खेल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता बताया जा रहा है। जिसका मुख्य उद्देश्य कम आयु में प्रतिभाशाली प्रतिभागी की पहचान कर, उन्हें राष्ट्रीय-आंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रशिक्षण दिलाना है। मशाल प्रतियोगिता में शामिल खेल विधा यथा एथलेटिक्स (दौड़, लंबी कूद, क्रिकेट बॉल थ्रो), कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और साइकिलिंग है। सरकारी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के 14 वर्ष से कम और 16 वर्ष से कम (छात्र और छात्रा) प्रतियोगिता में शामिल होंगे। उपर्युक्त प्रतियोगिता पाँच स्तर (विद्यालय → संकुल → प्रखंड → जिला → राज्य) पर आयोजित की जाएंगी। उसी कड़ी में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन उपर्युक्त तिथियों को किया जाना है। जिला खेल पदाधिकारी के अनुसार प्रतियोगिता की सभी तैयारी हो गई है। किशोर वर्ग के आवासन व भोजन की व्यवस्था, राज इंटर कॉलेज एवं किशोरी के आवासन व भोजन की व्यवस्था राज्य संपोषित कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में की गई है। प्रतियोगिता में अंडर 14 व अंडर 16 आयु वर्ग के लगभग 1300 छात्र-छात्रा भाग ले रहे हैं। बताया गया है कि एथलेटिक्स में अंडर 14 के लिए क्रिकेट थ्रो बॉल, 60 मीटर दौड़, 600 मीटर दौड़, लंबी कूद जबकि अंडर 16 में क्रिकेट थ्रो बॉल, 100 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, लंबी कूद के इवेंट्स वही खेल विधा साइकलिंग में अंडर 14 व 16 किशोर के लिए 5 किलोमीटर जबकि किशोरी के लिए 3 किलोमीटर रोड रेस का आयोजन होना है। यह भी बताया गया है कि खेल विधा कबड्डी अंडर 14 किशोर-किशोरी का भार वर्ग 51 किलोग्राम तथा अंडर 16 में 55 किलोग्राम से अधिक नहीं व खिलाड़ियों की संख्या 9 होनी चाहिए। फुटबॉल में खिलाड़ियों की संख्या 7 व मैदान की माप 40x 20 मीटर केवल किशोर वर्ग एवं वॉलीबॉल में खिलाड़ियों की संख्या 7 केवल अंडर 16 किशोर की प्रतियोगिता आयोजित होगी। विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी, प्रमाण पत्र, पुरस्कार संघ ओवरऑल चैंपियंस के लिए रनर- विनर ट्रॉफी दिया जाएगा। जिला स्तर पर नगद प्रथम को ₹2500, द्वितीय को ₹1500, वह तृतीय को 1000 रुपये प्रदान किये जायेंगे।
Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply