बिहार का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर का पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोकार्पण किया अशोक राजपथ पर जाम से मुक्ति, पीएमसीएच तक आवागमन में सुविधा
पटना के आधारभूत संरचना को नया आयाम, बिहार को मिली नई राष्ट्रीय पहचान
एसएन श्याम/apnibaat.org
पटना : बिहार की राजधानी पटना की पुरानी और अतिव्यस्तम सड़क अशोक राजपथ पर पहली बार निर्मित डबल फ्लाईओवर का लोकार्पण बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को किया। पटना के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर का सौगात मिलने से कारगिल चौक से एनआईटी मोड़ तक की 2.2 किलोमीटर की यात्रा अब बिना रुके संभव हो गई। उपर्युक्त फ्लाईओवर पटना वासियों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाएगा।
डबल डेकर फ्लाईओवर जनता को समर्पित
उपर्युक्त निर्माण कार्य को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने किया । इस दो-लेन डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण पर 422 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसका शिलान्यास नीतीश कुमार ने 4 सितंबर, 2021 को किया। उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद रविशंकर प्रसाद और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। फ्लाईओवर के समानांतर 5.50 मीटर चौड़ी दो सर्विस लेन भी बनाई गई हैं, जिससे पटना के लोगों का आवागमन भी सुगम होगा। उपर्युक्त फ्लाईओवर विशेषतः पीएमसीएच आने-जाने वाले रोगी और उनके परिजनों के लिए लाभप्रद व सुविधाजनक सिद्ध होगा। उन्हें अब जाम में फंसने की परेशानी नहीं होगी।
बिहार की राजधानी पटना के आधारभूत संरचना में यह एक मील का पत्थर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, “पटना की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है। यह फ्लाईओवर इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।”डबल डेकर फ्लाईओवर का यह प्रोजेक्ट न केवल आधुनिक शहरी परिवहन का उदाहरण है, बल्कि यह पटना की बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने वाला एक मील का पत्थर भी है।