Sat. Jun 21st, 2025

पटना: भारत सरकार के केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिपराकोठी कृषि विज्ञान केंद्र में विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “विकसित भारत” के संकल्प की एक सशक्त कड़ी है। जिसका उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना, आधुनिक तकनीकों से जोड़ना और कृषि को लाभकारी पेशा बनाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान चुनौतियों को देखते हुए कृषि में विविधीकरण को बढ़ावा देने वाली तकनीकों प्राकृतिक खेती, कृषि में ड्रोन का उपयोग, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन, प्रमुख विषयों पर कृषकों को जानकारी देने के लिए यह अभियान बहुत उपयोगी साबित होगा। इस अभियान अंतर्गत इन सभी विषय पर किसानों के साथ चर्चा होगी और उनकी जिज्ञासाओं का उपयुक्त समाधान भी सम्बंधित विषय विशेषज्ञ करेंगे। इस अभियान का त्वरित लाभ किसानों को आगामी खरीफ की फसलों पर होगा। श्री चौहान ने कहा कि सभी सम्बंधित हितधारकों के साथ मिलकर क्रियान्वित किया जाने वाला यह अभियान विकसित भारत के लिए चलाए जा रहे “लैब टू लैंड ” कार्यक्रम में सार्थक योगदान देगा तथा उसको सशक्त बनाएगा। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि हमारा मूल मंत्र है — “एक देश – एक कृषि – एक टीम”। जहाँ कृषि वैज्ञानिक, पदाधिकारी और किसान भाई-बहन एक साथ मिलकर भारत को “विकसित भारत – 2047” की ओर ले जाएंगे। कृषि मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम किसानो को वैज्ञानिको से जोड़ रहे हैं। हमारे वैज्ञानिक प्रयोगशाला से निकलकर गाँव में किसानों के बीच में जा रहे हैं और अब खेतों में किसानों के साथ बढ़कर उनकी समस्या के समाधान के लिए जी जान एक कर देंगे।

कृषि मंत्री ने कहा कि “मुझे ख़ुशी हुई कि चम्पारण का मर्चा चूड़ा की सुगंध अद्भुत है। इसके उत्पादन के लिए बड़े स्तर पर हमारे वैज्ञानिक अनुसन्धान करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में मक्का का उत्पादन तेज़ी से बढ़ रहा और मक्का का अच्छा मूल्य भी अच्छा मिल रहा हैं। यह सब प्रधानमंत्री की नीति का परिणाम है कि मक्का का उपयोग अभी एथेनोल बनाने में भी हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार की लीची का नाम लेते ही मुँह में पानी आ जाता है, लेकिन किसानों ने बताया कि लीची 48 घंटे में ख़राब हो जाती है। इसलिए कम मूल्य पर बेचना पड़ता है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने वैज्ञानिकों को कहा है कि लीची अधिक समय तक ख़राब न हो साथ ही आई ए एफ फंड का उपयोग कर कोल्ड स्टोरेज बनाया जाए, जिससे किसानों को लीची रखने की सुविधा मिल सके। चम्पारण के किसानों से वार्तालाप के क्रम में यह पता चला कि शिमला मिर्च की खेती कर छह लाख रुपये तक मुनाफ़ा कमाया जा सकता है। चम्पारण की सम्बंध में उन्होंने कहा कि “मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे इस पवित्र भूमि चम्पारण पर आने का अवसर प्राप्त हुआ है। यह वही ऐतिहासिक भूमि है जहाँ राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी ने किसानों पर हो रहे अत्याचारों से उन्हें बचाया था”।
इस अवसर पर मोतिहारी सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह अभियान किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से अपील किया कि वे इस अभियान का भरपूर लाभ उठाएं और आधुनिक कृषि नवाचारों को अपनाकर अपनी आय को दोगुना करें। उपर्युक्त कार्यक्रम में जिला के 8000 से अधिक किसान शामिल हुए। किसानों ने विभिन्न तकनीकी सत्रों के माध्यम से वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया। कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र , पिपराकोठी एवं अन्य संबद्ध संस्थानों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को प्रदर्शनी, प्रशिक्षण तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। यह अभियान आने वाले दिनों में और भी गांवों तक पहुंचेगा, जिससे कृषि को आर्थिक समृद्धि का आधार बनाते हुए देश के विकास को गति दी जा सके।
इस कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री भारत सरकार राज भूषण चौधरी, गन्ना उद्योग मंत्री बिहार सरकार कृष्णनंदन पासवान, कुलपति डॉ .रजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, डॉ पुन्यब्रत सुबिमलेंदु पाण्डेय, विधायक, निदेशक अटारी डॉ. अंजनी कुमार, सचिव कृषि विभाग बिहार सरकार संजय कुमार अग्रवाल व अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply