घर में दोस्तों के साथ शराब पार्टी करने का विरोध करने पर प्रखंड प्रमुख पत्नी को पति ने मारी गोली
पुलिस ने हथियार के साथ पति व तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
apnibaat.org
पटना/मुंगेर : मुंगेर के संग्रामपुर प्रखंड के प्रमुख इंदु देवी को रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात टेटीया बंबर थाना क्षेत्र के बिरजपुर घर में ही गोली मार दी गई। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया है।इस मामले में प्रखंड प्रमुख के पति सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।वहीं घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा भी बरामद किया है।वहीं घायल अवस्था में इंदु देवी का इलाज मायागंज अस्पताल भागलपुर में चल रहा है।
मामले का खुलासा करते हुए हवेली खड़गपुर डीएसपी चंदन कुमार ने बताया कि 19 जनवरी की रात टीटीया बंबर थाना क्षेत्र के बिरजपुर गांव निवासी इंदु देवी को गोली मारने की सूचना पुलिस को मिली थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। घायल इंदु देवी ने अपने फर्द बयान में बताया की पति श्यामसुंदर दास अपने दो अन्य साथियों के साथ घर में पार्टी कर रहे थे।इसी दौरान एक राउंड गोली चला दी गई। इसके बाद मैंने इसका विरोध किया तो मेरे पति ने ही मुझे गोली मार दी है। इसके बाद पुलिस ने तहकीकात शुरू की तो घटना में इन तीनों लोगों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने इंदु देवी के पति श्याम सुंदर दास और उनके दो दोस्त खरबूजी यादव और कक्कू यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा एक जिंदा कारतूस और दो खोखा भी बरामद किया है। वही गिरफ्तार तीनों लोगों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है तथा पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है। उन्होंने बताया कि महिला के कमर में गोली लगी है और उनका इलाज मायागंज अस्पताल भागलपुर में चल रहा है। फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं। डीएसपी ने बताया गिरफ्तार तीनों अपराधियों का अपराधिक इतिहास रहा है।