Thu. Feb 6th, 2025

पुत्री के ससुराल से मुक्त होकर शिकारपुर थाना पहुँची पीड़िता 

दहेज में बाइक की मांग पर की गई है विवाहिता की हत्या, थाना परिसर में अपने बच्चों के साथ पहुँची बंधक बनी विवाहिता की मां

बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिला के बेतिया पुलिस अंतर्गत शिकारपुर थाना के गौरीपुर मंझरिया के अमवा टोला गांव में दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर, दहेज दानवों ने एक विवाहिता के हत्या की खबर है।  इस बाबत बताया गया है कि घटना 10 अक्टूबर 2023  की है। मृत विवाहिता सितारा खातून (30 वर्ष) अमवा टोला गौरीपुर मंझरिया निवासी बताई गई है। घटना के बाद ससुराल वालों ने विवाहिता की मां को बंधक बना लिया। शव को गायब करने के बाद विवाहिता की मां को केस करने पर जान से मार देने की धमकी देने के बाद मुक्त किया गया है।घटना के तीसरे दिन विवाहिता की मां असमा खातून अपने बच्चों के थाने पहुँचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी है। विवाहिता की मां ने थाने में आवेदन सौंपते हुए दामाद नुरैंन मिया समेत सास मेहरून नेशा, नुरआलम मिया, सजादी खातून, रजिया खातून,रोकैया खातून को आरोपित किया है। थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली तो जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। घटना के संबंध में विवाहिता की मां ने बताया है कि शादी के बाद उसकी बेटी को दो बच्चे भी हैं। शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज में बाइक को लेकर उसके भाई को फोन करने का दबाव बनाया जाने लगा। उसके साथ मारपीट भी की जाने लगी। बेटी ने मारपीट करने की बात उसे फोन पर बताई थी। बेटी की बात पर वह 9 अक्टूबर 2023 को बेटी के घर गई थी। पूछताछ करते हुए ससुराल वालों से शिकायत भी की। विगत 10 अक्टूबर 2023 की रात करीब 12 बजे के आसपास उसकी बेटी का गला दबाकर हत्या की जा रही थी। रोकने पर उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और उसकी बेटी की हत्या कर शव गायब कर दिया गया। घटना के दूसरे दिन उसे जान से मार देने की धमकी देकर मुक्त किया गया। वह अपने घर गई और गुरुवार को अपने बेटे व दूसरी बेटी के साथ थाने आई है। थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि विवाहिता के शव को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।

Spread the love

By Awadhesh Sharma

न्यूज एन व्यूज फॉर नेशन

Leave a Reply